जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में जोधपुर-मथानिया सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछी। गहलोत ने चिकित्सकों से बात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घायलों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिए। गहलोत ने दुर्घटना को हृदय विदारक बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान गहलोत ने जिला प्रशासन को सड़क दुर्घटनाओं के प्रभावी रोकथाम के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं होना दुर्भाग्यजनक एवं चिन्ता का विषय है। प्रदेशवासियों से तेज गति में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों की पालना करने का भी आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिजनों के साथ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी साथ रहे।
मुख्यमंत्री सहायता कोष से मिलेगी सहायता राशी।
गहलोत ने घायलों से मिलने के बाद कहा कि उन्हें सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे।
संवेदनशील मुख्यमंत्री, कार्यक्रम में किया बदलाव।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया। वे जोधपुर एयरपोर्ट से सीधे ही मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचे। पूर्व में एयरपोर्ट से सीधे ही पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में जाने का कार्यक्रम था।