जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अब चुनावी एक्शन में दिखाई दे रही है। नवनियुक्त ब्लॉक कमेटी अध्यक्ष सक्रिय हो गए हैं। ब्लाॅक लेवल कार्यकर्ताओं ने इन अध्यक्षों को बधाई देना शुरू कर दिया है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को 100 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इतने लोगों की नियुक्ति से कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है। इस सूची ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कुछ जोश भरा है। संगठन में आगे भी नियुक्तियों का दौर जारी रहेगा। लंबे समय से पार्टी में रिक्त पदों पर नियुक्तियों को लेकर इंतजार किया जा रहा था। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा जयपुर में दो दिन तक लिए गए फीडबैक लेने के बाद ब्लॉक कांग्रेस की नियुक्तियां जल्दी ही करने का ऐलान किया था। उनके इस बयान के दो दिन बाद ही 100 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है।रंधावा ने बताया था कि जहां तक संगठनात्मक और राजनीतिक नियुक्तियों की बात है तो पहले ब्लॉक स्तर पर, फिर जिला और उसके बाद राज्य स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियां जनवरी में ही कर दी जाएंगी। जबकि राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर वे कुछ नहीं कह सकते। क्योंकि यह सरकार का काम है।