जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि चुरू जिले के विधानसभा क्षेत्र सरदारशहर (21) में होने वाले उप चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने 3 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। गुप्ता ने बताया कि सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में आंध्र प्रदेश से भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डॉ लक्षमिशा.जी, पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में तमिलनाडु के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी बंदी गंगाधर को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है। इसी तरह व्यय पर्यवेक्षक के रूप में आईआरएस अधिकारी अश्विनी कुमार सिंघल को नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि ये पर्यवेक्षक नामांकन की अंतिम तिथि 17 नवंबर 2022 (गुरूवार) से एक दिन पहले सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। गुप्ता ने बताया कि ये पर्यवेक्षक विधानसभा क्षेत्र एवं भारत निर्वाचन आयोग के बीच कड़ी का कार्य करते हैं एवं स्वतंत्र निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। उल्लेखनीय है कि सरदारशहर उपचुनाव के लिए 5 दिसंबर 2022 को मतदान होगा और 8 दिसंबर को मतगणना होगी। मुख्य निर्वाचना अधिकारी ने बताया कि इस उप चुनाव में 2 लाख 89 हजार 579 मतदाता हैं जिनमें से एक लाख 52 हजार 640 पुरूष मतदाता और एक लाख 36 हजार 935 महिला मतदाता और 4 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि इन उप चुनावों में 497 सर्विस मतदाता भी हैं। सामान्य मतदाता एवं सर्विस मतदाता मिलाकर कुल 2 लाख 90 हजार 76 मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 295 है।